
वाराणसी के पांडेपुर स्थित एक निजी स्कूल से नर्सरी के छात्र के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि बच्चे को टॉयलेट जाने की अनुमति नहीं दी गई। जब उसने मजबूरी में कपड़ों में ही टॉयलेट कर दिया, तो शिक्षिका ने कथित तौर पर उसे कमरे में ले जाकर गर्म चाकू से उसके प्राइवेट पार्ट को जला दिया और मारपीट की।
परिजनों के मुताबिक, घर पहुंचने पर बच्चे ने रोते हुए पूरी घटना बताई। इसके बाद परिवार ने स्कूल प्रबंधन से जवाब मांगा, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित परिवार की तहरीर पर पुलिस ने शिक्षिका प्रीति कुशवाहा, स्कूल प्रबंधन और प्रधानाचार्य के खिलाफ BNS की धारा 115(2), 118(1) और 351(2) के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई होगी। घटना के बाद इलाके में आक्रोश है। अभिभावकों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।






