
गाजियाबाद के विजयनगर थाना क्षेत्र की सर्वोदय कॉलोनी से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। गुरुवार शाम हुई तेज बारिश के दौरान जलभराव के बीच तीन वर्षीय मासूम पल्लवी की नाली में डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है, जबकि परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के मुताबिक, पल्लवी घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह घर के पास बनी गहरी नाली में गिर गई। तेज बारिश की वजह से नाली में पानी का बहाव काफी तेज था। परिजनों ने उसे गिरते हुए देख तुरंत बचाने की कोशिश की और स्थानीय लोगों की मदद से तलाश शुरू की, लेकिन काफी देर बाद बच्ची को बाहर निकाला जा सका। जब तक मासूम पल्लवी को नाली से बाहर निकाला गया, तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर बारिश के मौसम में खुले नालों, जलभराव और सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग प्रशासन से ऐसे हादसों को रोकने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।







