
दिल्ली में हुए दर्दनाक बिल्डिंग हादसे ने देवास के एक परिवार को गहरा सदमा दिया है। हादसे में देवास के रहने वाले छात्र अर्पित जाज की जान चली गई। अर्पित पढ़ाई के सिलसिले में दिल्ली में रह रहे थे और छुट्टियां बिताकर शनिवार को ही दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। परिजनों के मुताबिक अर्पित रविवार सुबह करीब 7 बजे दिल्ली पहुंचे थे। इसके कुछ ही घंटे बाद सत्य निकेतन इलाके में स्थित पीजी की बिल्डिंग अचानक गिर गई। हादसे के बाद अर्पित मलबे में दब गए। बताया गया है कि हादसे से पहले अर्पित ने अपने माता-पिता से वीडियो कॉल पर बात की थी। उस वक्त सब कुछ सामान्य था। दोपहर में जब परिवार ने उन्हें फोन किया और कोई जवाब नहीं मिला, तो शुरुआत में उन्हें लगा कि सफर की थकान के कारण अर्पित आराम कर रहे होंगे। कुछ देर बाद बिल्डिंग हादसे की जानकारी मिलने पर परिवार तुरंत दिल्ली के लिए रवाना हो गया।
अर्पित दिल्ली के आत्माराम सनातन धर्म कॉलेज में बीकॉम द्वितीय वर्ष के छात्र थे। वह सत्य निकेतन स्थित हॉस्टल डेज की बिल्डिंग नंबर 11 के कमरा नंबर 302 में रह रहे थे। परिवार के अनुसार, अर्पित करीब एक साल से पीजी में रह रहे थे और उस समय बिल्डिंग की हालत सामान्य नजर आती थी। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से इमारत में मरम्मत का काम भी चल रहा था। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान अर्पित का शव बरामद किया गया। पिता भूपेंद्र दिल्ली पहुंच चुके हैं और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को देवास लाया जाएगा। अर्पित की मौत की खबर के बाद देवास में उनके परिवार में मातम पसरा है। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि घर पर दादा और बड़ी बहन भी इस दुखद खबर से सदमे में हैं।





