
दुर्ग के गनियारी में शिवनाथ नदी में हुए हादसे के बाद दो दिन से चल रही तलाश आखिरकार पूरी हो गई। तेज बहाव में बहे 32 वर्षीय युवक सहदेव महोबिया का शव एसडीआरएफ की टीम ने बरामद कर लिया है। बताया जा रहा है कि 5 सितंबर की शाम सहदेव अपने दो साथियों के साथ पिकनिक मनाने गनियारी पहुंचा था। इसी दौरान वह नदी के पास गया, जहां अचानक पैर फिसलने से वह पानी के तेज बहाव में बह गया।
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। तेज बहाव और नदी की गहराई के कारण रेस्क्यू टीम के लिए तलाश आसान नहीं थी। मोटर बोट की मदद से नदी के अलग-अलग हिस्सों में लगातार खोजबीन की गई। करीब दो दिन तक चले अभियान के बाद टीम ने आखिरकार सहदेव का शव बरामद कर लिया। मृतक खुर्सीपार भिलाई का रहने वाला था। शव को आगे की कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।




