
गाजियाबाद के वसुंधरा सेक्टर-13 में लगातार हो रही बारिश के बीच गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। एक निर्माणाधीन 32 मंजिला इमारत के पास मुख्य सड़क अचानक धंस गई, जिससे वहां खड़ी एक कार और स्कूटी करीब 20 फीट गहरे गड्ढे में समा गईं। पास में लगा बिजली का पोल भी जमीन में धंस गया। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय वाहनों में कोई मौजूद नहीं था, इसलिए किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। स्थानीय लोगों ने इस घटना के लिए निर्माण कार्य में लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उनका आरोप है कि निर्माण स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए थे और केवल टीनशेड लगाकर घेराबंदी की गई थी। लगातार बारिश के कारण जमीन में पानी का रिसाव हुआ, जिससे मिट्टी कमजोर पड़ गई और सड़क अचानक धंस गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। क्रेन की मदद से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद कार, स्कूटी और बिजली के पोल को बाहर निकाला गया। एहतियात के तौर पर इलाके की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने बताया कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।






