
मध्य प्रदेश के रतलाम जिले से मुहर्रम के दौरान एक बड़ा और दर्दनाक हादसा सामने आया है। पिपलौदा थाना क्षेत्र के हतनारा गांव में गुरुवार को ताजिया जुलूस के दौरान अचानक अफरा-तफरी मच गई, जब ताजिया हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया। जानकारी के मुताबिक, लगभग 10 फीट ऊंचा ताजिया पंचमुखी महादेव मंदिर के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान उसका ऊपरी हिस्सा 11 केवी हाईटेंशन लाइन से संपर्क में आ गया। देखते ही देखते करंट फैल गया और जुलूस में शामिल कई लोग इसकी चपेट में आ गए।

इस हादसे में तीन लोगों की मौत की खबर सामने आई है, जबकि 20 से ज्यादा लोग झुलसकर घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। एक मौत की पुष्टि इलाज के दौरान हुई है, जबकि अन्य मौतों को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, जुलूस में करीब 200 लोग शामिल थे और लोग पूरी श्रद्धा और अकीदत के साथ ताजिया लेकर आगे बढ़ रहे थे। लेकिन कुछ ही सेकंड में उत्सव का माहौल चीख-पुकार और भगदड़ में बदल गया। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतकों और घायलों की संख्या को लेकर अंतिम आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।




