
आंध्र प्रदेश में कोरोना संक्रमण के नए मामलों ने एक बार फिर स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। वाईएसआर कडप्पा जिले में पिछले कुछ हफ्तों के दौरान कोविड-19 के 8 एक्टिव मामले सामने आए हैं, जबकि संक्रमण से 2 लोगों की मौत हो चुकी है। मृतकों में 52 वर्षीय एक व्यक्ति और 43 वर्षीय दूसरा मरीज शामिल है, जिनकी इलाज के दौरान मौत हुई। वहीं, कडप्पा मेडिकल कॉलेज का 25 वर्षीय छात्र भी संक्रमित पाया गया है और फिलहाल होम आइसोलेशन में उसका उपचार चल रहा है।

दो मौतों के बाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। प्रभावित इलाकों में विशेष त्वरित प्रतिक्रिया दल (रैपिड रिस्पॉन्स टीम) तैनात किए गए हैं। करीब 40 लोगों के सैंपल लिए गए, जिनमें 18 की रिपोर्ट नेगेटिव आई है, जबकि बाकी रिपोर्ट का इंतजार है। वायरस के स्वरूप और उसके प्रसार का पता लगाने के लिए नमूनों को जीनोम सीक्वेंसिंग हेतु पुणे की प्रयोगशाला भेजा गया है।

जिला प्रभारी मंत्री सविता ने अधिकारियों को संक्रमण रोकने के लिए सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। बुखार, खांसी और सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण वाले लोगों की तुरंत पहचान कर जांच करने, संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की स्क्रीनिंग करने और जरूरत पड़ने पर उन्हें आइसोलेशन में रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अस्पतालों को पर्याप्त आइसोलेशन बेड और चिकित्सा सुविधाएं तैयार रखने को कहा गया है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, बल्कि सतर्क रहें, स्वच्छता का पालन करें और लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें।




