
बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा रियलिटी शो ‘लॉक अप: सच या सजा’ से बाहर हो गई हैं। शो के ‘जजमेंट डे’ एपिसोड में गोविंदा और उनकी बेटी टीना आहूजा उन्हें लेने पहुंचे। शो के दौरान सुनीता ने अपनी शादी और रिश्ते को लेकर कई खुलासे किए। उन्होंने कहा कि गोविंदा के कई अफेयर रहे, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने कभी उनसे अलग होने के बारे में नहीं सोचा। उनका कहना था कि रिश्ते में भरोसा, प्यार और माफ करने की भावना सबसे ज्यादा मायने रखती है।

शो से बाहर आने के बाद ‘द फ्री प्रेस जर्नल’ को दिए इंटरव्यू में सुनीता आहूजा ने कहा, “भरोसा बहुत बड़ी चीज है। मुझे नहीं लगता कि फिल्म इंडस्ट्री का कोई भी हीरो दूध का धुला होगा। वे हमसे ज्यादा समय हीरोइनों के साथ बिताते हैं। ऐसे में यह आपके प्यार और भरोसे पर निर्भर करता है कि आप रिश्ते को कैसे निभाते हैं।” उन्होंने कहा कि एक अभिनेता की पत्नी होना आसान नहीं होता और इसके लिए दिल को मजबूत बनाना पड़ता है।

सुनीता ने बताया कि उन्होंने 15 साल की उम्र में गोविंदा से प्यार किया था और आज भी उनके लिए वही प्यार और सम्मान है। उन्होंने कहा कि हर रिश्ते में गलतियां होती हैं और माफी ही उसे आगे बढ़ाती है। गोविंदा और सुनीता ने वर्ष 1987 में शादी की थी, लेकिन करीब दो साल तक इस रिश्ते को सार्वजनिक नहीं किया। साल 1989 में बेटी टीना के जन्म के बाद उनकी शादी की जानकारी सामने आई। दोनों के दो बच्चे हैं—बेटी टीना आहूजा और बेटा यशवर्धन आहूजा।




