
रायगढ़ : छत्तीसगढ़ में एचआईवी (HIV) संक्रमण के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। रायगढ़ जिले में हाल ही में हुई जांच के दौरान 57 लोग HIV पॉजिटिव पाए गए हैं, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। मरीजों की पहचान के बाद उनके इलाज और परामर्श की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने लोगों से घबराने के बजाय जागरूक रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सरकार पूरे प्रदेश में विशेष अभियान चलाकर HIV संक्रमित लोगों की पहचान कर रही है। जो लोग पॉजिटिव पाए जा रहे हैं, उनके लिए सरकार के पास इलाज और दवाइयों की पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध है।मंत्री ने कहा कि युवाओं में नशीले पदार्थों के बढ़ते उपयोग को भी संक्रमण के जोखिम से जोड़कर देखा जा रहा है। प्रशासन और पुलिस नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। साथ ही समाज और परिवारों को भी इस विषय में जागरूक होने की आवश्यकता है।

प्रदेश में क्या है HIV की स्थिति ?
स्वास्थ्य विभाग और राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (NACO) के आंकड़ों के अनुसार, छत्तीसगढ़ में वर्तमान में लगभग 25 हजार से 26 हजार HIV संक्रमित मरीज दर्ज हैं। इन मरीजों के उपचार के लिए राज्यभर में एंटी रेट्रोवायरल थेरेपी (ART) केंद्र संचालित किए जा रहे हैं, जहां मुफ्त दवाइयां और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।

जिलों में बढ़ रहे मामले
सरगुजा संभाग के अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में करीब 1,560 HIV मरीज पंजीकृत हैं। रिपोर्ट के अनुसार, यहां पिछले एक वर्ष में मरीजों की संख्या में 60 से 70 प्रतिशत तक की वृद्धि दर्ज की गई है।वहीं बिलासपुर संभाग में सिम्स (CIMS) के आंकड़ों के मुताबिक पिछले 15 वर्षों में 6,186 लोग HIV संक्रमित पाए गए हैं। इनमें बड़ी संख्या में मरीज वर्तमान में उपचार और निगरानी के दायरे में हैं।
कैसे फैलता है HIV संक्रमण?
विशेषज्ञों के अनुसार HIV संक्रमण के प्रमुख कारण असुरक्षित यौन संबंध, संक्रमित सुई या सिरिंज का उपयोग तथा संक्रमित रक्त चढ़ाना हैं। स्वास्थ्य विभाग लोगों से सुरक्षित व्यवहार अपनाने और समय-समय पर जांच कराने की अपील कर रहा है।सरकार का कहना है कि HIV अब लाइलाज नहीं बल्कि नियंत्रित की जाने वाली बीमारी है। समय पर जांच और नियमित दवा लेने से संक्रमित व्यक्ति सामान्य जीवन जी सकता है।




![khan sir ]](https://newstodaychhattisgarh.com/wp-content/uploads/2026/06/khan-sir-.jpg)