
कोलकाता/सिलीगुड़ी : पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी के खिलाफ कथित विवादित बयान को लेकर एफआईआर दर्ज की गई है। यह मामला सिलीगुड़ी साइबर क्राइम थाने में एक अधिवक्ता की शिकायत पर दर्ज किया गया है।शिकायत के अनुसार, 2 जून को कोलकाता के रानी रासमणि रोड पर आयोजित एक विरोध प्रदर्शन के दौरान ममता बनर्जी ने बांग्लादेशी नागरिक उस्मान हादी की हत्या का जिक्र करते हुए कुछ ऐसे बयान दिए, जिनमें केंद्र के गृह मंत्रालय और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की भूमिका पर सवाल उठाए जाने का आरोप है।

शिकायतकर्ता अधिवक्ता रिंकी सेन चटर्जी का कहना है कि उस्मान हादी की हत्या पिछले वर्ष दिसंबर में बांग्लादेश में हुई थी। इस मामले के आरोपी बाद में मेघालय सीमा के रास्ते पश्चिम बंगाल पहुंचे थे, जहां राज्य की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने उन्हें गिरफ्तार किया था।शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ममता बनर्जी ने अपने भाषण में संकेत दिया कि उन्हें हत्या के पीछे शामिल लोगों की जानकारी है और उन्होंने इस संदर्भ में गृह मंत्रालय की भूमिका पर भी सवाल उठाए। शिकायतकर्ता का कहना है कि यदि उनके पास कोई ठोस जानकारी थी तो मुख्यमंत्री रहते हुए वह इसे संबंधित केंद्रीय एजेंसियों या गृह मंत्रालय के समक्ष रख सकती थीं।

अधिवक्ता ने अपनी शिकायत में यह भी कहा है कि इस प्रकार के बयान भारत और बांग्लादेश के संबंधों पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकते हैं तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की छवि को नुकसान पहुंचा सकते हैं। साथ ही, उन्होंने दावा किया कि ऐसे बयान पड़ोसी देश में रहने वाले हिंदुओं की सुरक्षा को लेकर भी चिंता पैदा कर सकते हैं।पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, इस मामले में ममता बनर्जी या तृणमूल कांग्रेस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।





![khan sir ]](https://newstodaychhattisgarh.com/wp-content/uploads/2026/06/khan-sir-.jpg)

