
ग्वालियर: बिग बॉस फेम तान्या मित्तल और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर फैजान अंसारी के बीच करीब छह महीने पुराना विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है। मुंबई से ग्वालियर पहुंचे फैजान अंसारी ने यूनिवर्सिटी थाना और एसएसपी कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत सौंपी। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें पहले दर्ज कराई गई शिकायत वापस लेने के लिए लगातार धमकियां दी जा रही हैं। साथ ही उन्होंने अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा की मांग की है।

फैजान अंसारी का कहना है कि विवाद की शुरुआत उस मामले से हुई थी, जिसमें तान्या मित्तल ने मुंबई एयरपोर्ट पर बलराज साहनी के खिलाफ कार्रवाई कराई थी। उनके अनुसार, बलराज की परिचित सिम्मी राजपूत के अनुरोध पर उन्होंने तान्या मित्तल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। अब उसी शिकायत को वापस लेने के लिए उन पर दबाव बनाया जा रहा है। फैजान का आरोप है कि अलग-अलग लोगों के जरिए उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं। फिलहाल पुलिस ने फैजान अंसारी की शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस मामले में तान्या मित्तल की ओर से अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।






