
हापुड़: पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में हाईवे किनारे स्थित एक पेट्रोल पंप पर डीजल के रुपये मांगना सेल्समैन को भारी पड़ गया। आरोप है कि चालक ने सेल्समैन का हाथ अपनी गाड़ी के शीशे में फंसा लिया और तेज रफ्तार से वाहन दौड़ा दिया। सेल्समैन करीब पांच किलोमीटर तक गाड़ी के साथ घिसटता रहा। बाद में चालक ने उसे हापुड़ की ओर सड़क पर धक्का देकर गिरा दिया। घटना पेट्रोल पंप के सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
पेट्रोल पंप मैनेजर नीरज चौहान के मुताबिक, घटना दो सितंबर की रात करीब 10 बजे की है। एक काले रंग की स्कॉर्पियो पेट्रोल पंप पर पहुंची थी। चालक ने करीब दो हजार रुपये का डीजल भरवाया। भुगतान के लिए सेल्समैन पंकज ने रुपये मांगे तो कथित तौर पर चालक उसके साथ गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि इसी दौरान चालक ने पंकज का हाथ गाड़ी के शीशे में फंसा लिया और हापुड़ की दिशा में तेज गति से वाहन चला दिया। सेल्समैन मदद के लिए चीखता रहा, लेकिन चालक ने गाड़ी नहीं रोकी। करीब पांच किलोमीटर आगे जाने के बाद उसे सड़क पर धक्का देकर गिरा दिया गया।
घटना के बाद पेट्रोल पंप के अन्य कर्मचारी घायल सेल्समैन को वापस पंप पर लेकर पहुंचे। मैनेजर की ओर से पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है। सीओ मुनीष चंद्र ने बताया कि मामले की जानकारी पुलिस को मिली है। तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





