
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में तेज रफ्तार कार लहराते हुए दुकान के पास फुटपाथ पर जा चढ़ी। कार की टक्कर से बड़ा हादसा होते-होते टल गया और मौके पर मौजूद कई लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई। हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद कार में सवार कपल का एक-दूसरे को किस करने का वीडियो भी सामने आया है।

स्थानीय लोगों ने जब हादसे का विरोध करते हुए कार सवारों से बात करने की कोशिश की, तो उनके और साथ मौजूद दोस्तों के साथ विवाद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार सवार नशे में थे और विरोध करने पर दबंगई दिखाने लगे। इसके बाद गुस्साए लोगों ने युवक-युवती और उनके साथ मौजूद लोगों की जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान युवती को भी थप्पड़ मारने की बात सामने आई है। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

घटना सिरगिट्टी थाना क्षेत्र की बताई जा रही है और करीब तीन दिन पुरानी है। फिलहाल किसी पक्ष की ओर से थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर कार सवारों की पहचान शुरू कर दी है। पहचान होने के बाद पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई करेगी। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में सड़क किनारे कार, उसके बाद कपल के बीच KISS और फिर युवक-युवती के साथ मारपीट का घटनाक्रम नजर आ रहा है।




