
रायपुर। आमानाका थाना क्षेत्र में एम्स अस्पताल के सामने शुक्रवार देर शाम प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद में 34 वर्षीय परमप्रीत सिंह की मौत हो गई। परमप्रीत सेक्टर-04, उदया सोसायटी, टाटीबंध का रहने वाला था। पुलिस के मुताबिक, उसका दुर्ग निवासी भरत मंगनानी से विवाद हुआ था। प्रारंभिक जांच में विवाद की वजह प्रेम प्रसंग से जुड़ी बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान भरत मंगनानी ने कार से परमप्रीत को टक्कर मार दी। इसके बाद परमप्रीत कार की छत पर चढ़ गया। आरोप है कि भरत ने वाहन रोकने के बजाय कार तेज रफ्तार में आगे बढ़ा दी। कुछ दूरी तय करने के बाद परमप्रीत कार से नीचे सड़क पर गिर गया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने उसके ऊपर कार चढ़ा दी और मौके से फरार हो गया। गंभीर चोटों के चलते परमप्रीत की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम एम्स अस्पताल के सामने परमप्रीत और भरत के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। प्रारंभिक जांच में विवाद के पीछे प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है। दोनों के बीच कहासुनी के बाद मामला बढ़ गया। इसी दौरान भरत कार लेकर वहां से जाने लगा। परमप्रीत ने उसे रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि भरत ने कार आगे बढ़ाते हुए उसे टक्कर मार दी। इसके बाद परमप्रीत कार की छत पर चढ़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, परमप्रीत के कार की छत पर चढ़ने के बावजूद वाहन नहीं रोका गया। आरोपी कार को तेज गति से आगे ले गया। कुछ दूरी के बाद परमप्रीत सड़क पर गिर गया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने कार रोकने के बजाय उसके ऊपर वाहन चढ़ा दिया। घटना में परमप्रीत गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद भरत कार लेकर मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी।




