
लखनऊ। वाराणसी से दिल्ली जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब उड़ान के दौरान कार्गो कंपार्टमेंट से जुड़े स्मोक इंडिकेशन का अलार्म बज उठा। खतरे की आशंका को देखते हुए पायलट ने तत्काल लखनऊ एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क किया और विमान को लखनऊ एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया।

फ्लाइट IX 1253 ने सुबह करीब 8:52 बजे चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंडिंग की। विमान के उतरते ही एयरपोर्ट की इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम, अग्निशमन दल और तकनीकी विशेषज्ञों ने मोर्चा संभाल लिया। विमान को निर्धारित स्टैंड पर पार्क करने के बाद करीब 9:02 बजे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। विमान में कुल 155 यात्री और क्रू सदस्य सवार थे। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी तरह की जनहानि या चोट की सूचना नहीं है। लैंडिंग के बाद इंजीनियरों और सुरक्षा टीम ने विमान की गहन जांच की। निरीक्षण के दौरान विमान के भीतर न तो धुआं मिला और न ही आग के कोई संकेत सामने आए। प्रारंभिक जांच में स्मोक अलार्म के सक्रिय होने की वजह तकनीकी फॉल्स इंडिकेशन बताई जा रही है। पूरी जांच के बाद विमान को सुरक्षित घोषित करते हुए आगे की उड़ान के लिए क्लीयरेंस दिया गया। इसके बाद विमान को दिल्ली के लिए रवाना कर दिया गया। घटना के दौरान एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह अलर्ट रही।





