
रायपुर: स्वतंत्रता दिवस से पहले छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने प्रदेश की सभी मस्जिदों, मदरसों और दरगाहों में तिरंगा फहराने की अपील की है। उन्होंने प्रेस रिलीज जारी कर सभी वक्फ संस्थाओं के पदाधिकारियों से 15 अगस्त 2026 को राष्ट्रीय ध्वज फहराने और स्वतंत्रता दिवस को देशभक्ति, एकता और भाईचारे की भावना के साथ मनाने की अपील की।

वक्फ बोर्ड अध्यक्ष ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश का राष्ट्रीय पर्व है और इसे सभी लोगों को मिलकर मनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत सूफी-संतों की भूमि है, जहां अलग-अलग जाति, धर्म और पंथ के लोग लंबे समय से आपसी सौहार्द के साथ रहते आए हैं। उन्होंने गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने पर जोर देते हुए कहा कि ध्वजारोहण के जरिए देश के प्रति प्रेम और संविधान के प्रति अपने कर्तव्य का सम्मान किया जाना चाहिए। डॉ. सलीम राज ने कहा कि मुस्लिम समाज देशभक्ति की भावना रखता है और भारतीय संविधान का सम्मान करता है। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस पर सभी लोगों से मिलकर राष्ट्रीय पर्व मनाने और देश की एकता व भाईचारे को मजबूत करने की अपील की। इससे पहले सलीम राज ने उत्तराखंड मॉडल की तर्ज पर राज्य में मदरसा बोर्ड खत्म करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखा था। वहीं, बकरीद के दौरान सड़क पर कुर्बानी नहीं देने और दूसरे लोगों की भावनाओं का सम्मान करने की भी अपील की थी।




