CG Weather: मानसून फिर हुआ मेहरबान, रायपुर में झमाझम बारिश से सड़कें बनीं तालाब; अगले 4-5 दिन अलर्ट …  

रायपुर : – छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। राजधानी रायपुर में रविवार को हुई तेज बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली, लेकिन कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। जयस्तंभ चौक, वीआईपी रोड, आकाशवाणी चौक, कुशालपुर और प्रोफेसर कॉलोनी समेत कई जगह सड़कों पर पानी भर गया। कुछ स्थानों पर पानी दुकानों और वाहनों तक पहुंच गया, जिससे आम लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। माना एयरपोर्ट केंद्र में दिनभर में 17.1 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग के अनुसार 31 अगस्त को भी रायपुर में बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक वाली तेज बौछारें पड़ सकती हैं। राजधानी का अधिकतम तापमान करीब 24 और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। बारिश के कारण तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है। वहीं निचले इलाकों में जलभराव की समस्या को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

प्रदेश में अगले 4 से 5 दिनों तक बारिश का दौर और तेज होने की संभावना है। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम बंगाल-ओडिशा तट पर बना निम्न दबाव का क्षेत्र और मानसून द्रोणिका इस बारिश की मुख्य वजह बताए जा रहे हैं। मौसम विभाग ने इस दौरान छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में प्रदेशवासियों को मौसम के बदलते मिजाज पर नजर रखने और जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने की जरूरत है।

About The Author