
कोलकाता। आज यानी 20 जून का दिन देशभर के किसानों के लिए खास माना जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-Kisan) योजना की 23वीं किस्त जारी करेंगे। इसके तहत पात्र किसानों के खातों में 2-2 हजार रुपये की राशि सीधे ट्रांसफर की जाएगी। सरकारी जानकारी के अनुसार, इस किस्त के तहत देशभर के 9.44 करोड़ से अधिक किसानों को लाभ मिलेगा। इसके लिए कुल 18,880 करोड़ रुपये से अधिक की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से सीधे बैंक खातों में भेजी जाएगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज पश्चिम बंगाल के दौरे पर रहेंगे। उनका पहला कार्यक्रम हुगली जिले के तारकेश्वर में होगा, जो कोलकाता से करीब 62 किलोमीटर दूर स्थित है। यहां वह ‘पश्चिम बंग दिवस’ समारोह में शामिल होंगे और कई केंद्रीय योजनाओं का शुभारंभ करेंगे तथा विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे।इसी कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री PM-Kisan योजना की 23वीं किस्त भी जारी करेंगे, जिससे देशभर के करोड़ों किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।गौरतलब है कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत 24 फरवरी 2019 को की गई थी। इसके तहत पात्र किसानों को हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है, जो 2,000 रुपये की तीन बराबर किस्तों में सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाती है। अब तक 22 किस्तें जारी हो चुकी हैं और आज 23वीं किस्त जारी की जा रही है।






