
कानपुर देहात के राजपुर में एक किराना दुकान से खरीदे गए नमकीन के पैकेट में मरा हुआ चूहा मिलने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि ग्राहक ने पैकेट खोलने के बाद जब अंदर चूहा देखा तो उसके होश उड़ गए। घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया गया, जिसके बाद खाद्य विभाग ने भी मामले का संज्ञान लिया है।

राजपुर की नई बस्ती निवासी जावेद खां के मुताबिक, उन्होंने मुगल सड़क किनारे स्थित एक दुकान से बच्चों के लिए 80 रुपये का नमकीन पैकेट खरीदा था। घर पहुंचकर पैकेट खोला गया तो उसके अंदर मरा हुआ चूहा दिखाई दिया। जावेद का कहना है कि उन्होंने इसकी शिकायत दुकानदार से की, लेकिन दुकानदार ने उल्टा उन पर ही पैकेट में चूहा डालने का आरोप लगा दिया। इसके बाद उन्होंने मामले की जांच और कार्रवाई की मांग करते हुए वीडियो प्रसारित कर दिया। मामला सामने आने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और पैकिंग को लेकर सवाल उठने लगे हैं। लोगों ने खाद्य पदार्थों की नियमित जांच की मांग की है, ताकि ऐसी शिकायतों पर रोक लगाई जा सके। सहायक आयुक्त खाद्य रामऔतार सिंह ने बताया कि वीडियो उनके संज्ञान में आया है और मामले की जांच की जा रही है। संबंधित पक्ष को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





