
सिवान में छात्रों के प्रदर्शन में भारी बवाल
सिवान में छात्रों के प्रदर्शन ने शनिवार को हिंसक रूप ले लिया। गांधी मैदान से शुरू हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जमकर पथराव हुआ। पुलिस के मुताबिक, पथराव में एसपी पूरण कुमार झा, दो डीएसपी समेत करीब 30 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।

हालात बिगड़ने पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े, लाठीचार्ज किया और 6 से 8 राउंड हवाई फायरिंग की। फायरिंग को लेकर प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाए, जिस पर पुलिस ने सफाई देते हुए कहा कि किसी की मौत नहीं हुई है। हिंसा के बाद कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है। सीसीटीवी और वायरल वीडियो से उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। वहीं, एहतियात के तौर पर सिवान में शाम 5:30 बजे तक इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है।







