
रायपुर : – शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने नो-एंट्री और नो-पार्किंग नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान तेलीबांधा और पचपेढ़ी नाका क्षेत्र में प्रतिबंधित समय में शहर में प्रवेश करने वाले 7 भारी मालवाहक वाहनों को पकड़ा गया। पुलिस ने सभी वाहनों के चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की। अधिकारियों ने वाहन चालकों को निर्धारित समय और मार्ग का पालन करने की हिदायत भी दी।

सड़क पर खड़े वाहनों पर भी कार्रवाई
अभियान के दौरान नो-पार्किंग जोन में खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहनों पर भी कार्रवाई की गई। प्रमुख बाजारों, व्यस्त चौराहों और सड़कों पर यातायात में बाधा बन रहे वाहनों को क्रेन और टोइंग वाहनों की सहायता से हटाया गया। कई वाहनों को यातायात थाना परिसर ले जाकर उनके चालकों पर जुर्माना लगाया गया। यातायात पुलिस के अनुसार रिंग रोड के भीतर और प्रमुख बाजार क्षेत्रों में भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश के लिए समय निर्धारित है। इन वाहनों को रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक ही शहर के अंदर प्रवेश की अनुमति है। निर्धारित समय के अलावा भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित है। नो-एंट्री और नो-पार्किंग का उल्लंघन रोकने के लिए पुलिस CCTV कैमरों के साथ फील्ड टीमों की मदद से भी निगरानी कर रही है। प्रमुख चौराहों और संवेदनशील मार्गों पर जांच अभियान आगे भी जारी रखने की बात पुलिस ने कही है। ट्रैफिक पुलिस ने ट्रांसपोर्टरों, भारी वाहन चालकों और वाहन मालिकों से निर्धारित समय का पालन करने की अपील की है। वहीं आम वाहन चालकों और दुकानदारों से भी वाहनों को सड़क के बजाय निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़ा करने की अपील की गई है।




