
रायपुर : – छत्तीसगढ़ में मानसून की सक्रियता लगातार बनी हुई है और अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक 21 से 27 अगस्त तक कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है। बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। शनिवार को मौसम विभाग ने प्रदेश के 12 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।

राजनांदगांव से जशपुर तक अलर्ट
यलो अलर्ट वाले जिलों में राजनांदगांव, कबीरधाम, बेमेतरा, मुंगेली, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बिलासपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरिया और जशपुर शामिल हैं। इन जिलों में कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। वहीं प्रदेश के बाकी 21 जिलों में भी हल्की बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।

पिछले 24 घंटे में कई इलाकों में बारिश
प्रदेश में बीते 24 घंटे के दौरान भी कई जगह अच्छी बारिश दर्ज की गई। कोरिया के राजपुर में सबसे ज्यादा 42.5 मिमी और सूरजपुर के बिहीरपुर में 41 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा दुर्ग में 16.6 मिमी, सारागांव में 14.1 मिमी, राजनांदगांव में 14 मिमी, साल्हेवारा में 13.1 मिमी और प्रेमनगर में 12.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। राजधानी रायपुर में भी बारिश का असर रहा और रायपुर सिटी में 5.1 मिमी पानी दर्ज किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि 27 अगस्त तक मानसून सक्रिय रहेगा और इस दौरान रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। खासकर उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में भारी बारिश और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।






