
पश्चिम चंपारण जिले में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया। बेतिया-लौरिया NH-727 पर बसवरिया और पराउटोला के बीच करीब 11 बजे तेज रफ्तार शाही बस अचानक बेकाबू हो गई और सड़क किनारे छठिहार समारोह के दौरान ऑर्केस्ट्रा देख रहे लोगों की भीड़ में जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि कई लोग बस की चपेट में आ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। इस हादसे में कुल पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

बताया जा रहा है कि धर्मेंद्र दुबे के घर पर छठिहार समारोह चल रहा था और घर के बाहर NH-727 के किनारे ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम रखा गया था। कार्यक्रम देखने के लिए आसपास के लोग बड़ी संख्या में वहां मौजूद थे। इसी दौरान लौरिया की ओर से बेतिया जा रही शाही बस तेज रफ्तार में वहां पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सामने से गैस सिलेंडर लदा ट्रक भी आ रहा था। इसी बीच बस चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और बस सड़क किनारे खड़ी भीड़ को रौंदते हुए आगे निकल गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाने का काम शुरू किया। हादसे में दो लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल तीन लोगों ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान संजय महतो, भोला दुबे, बहादुर महतो, देवेंद्र दुबे और छांगुर राम के रूप में हुई है। पांच अन्य घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी। शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि असली कारण जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा। घटना के बाद पांच परिवारों में मातम पसरा है।।






