दिल्ली-एनसीआर में बारिश से मौसम हुआ सुहावना, एनएच-9 पर ट्रैफिक थमा

नई दिल्ली: मंगलवार को दिल्ली-एनसीआर का मौसम अचानक बदल गया। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद के कई इलाकों में गरज के साथ झमाझम बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और उमस भरी गर्मी से लोगों को बड़ी राहत मिली। हालांकि बारिश के साथ कई जगह जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई।

बारिश का सबसे ज्यादा असर यातायात पर देखने को मिला। एनएच-9 पर खिचड़ीपुर के पास लंबा जाम लग गया, जबकि पूर्वी विनोद नगर की सर्विस रोड और पांडव नगर अंडरपास में पानी भरने से आवाजाही प्रभावित हुई। राजा धीरसेन मार्ग पर तेज हवा के कारण सफेदे का पेड़ गिरने से दो वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। नगर निगम की टीमें जलनिकासी में जुटी हैं, लेकिन दोपहिया वाहन चालकों को अब भी जोखिम उठाकर गुजरना पड़ रहा है।

वहीं, गुरुग्राम में करीब 40 मिनट की तेज बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन कई इलाकों में जलभराव की आशंका बढ़ गई है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक आंधी और बारिश का अनुमान जताया है, जिससे तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा, तो दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में यातायात और जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

About The Author