
छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। लगातार हो रही बारिश से कई जिलों में जनजीवन प्रभावित होने लगा है। राजधानी रायपुर में शुक्रवार को दिनभर बादल छाए रहे और रुक-रुककर बारिश होती रही। वहीं बिलासपुर में 28 सेंटीमीटर रिकॉर्ड बारिश दर्ज की गई, जिसके चलते कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए। सड़कों पर जलभराव हो गया और कई घरों में पानी घुसने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ जिलों में तेज बारिश हुई। रायपुर में सुबह से घने बादल छाए रहे और दिनभर मौसम सुहावना बना रहा। पेंड्रा रोड में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि राजनांदगांव में न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस रहा। आज रायपुर में भी बादल छाए रहने के साथ बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक मानसून द्रोणिका, पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर सिस्टम के कारण प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज हुई हैं। इसी वजह से रायपुर, दुर्ग, बलौदाबाजार, बेमेतरा, कबीरधाम, कोरबा, जांजगीर-चांपा, महासमुंद, सक्ती, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई समेत कई जिलों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।



