
उत्तर प्रदेश के मेरठ से हत्या की एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। हस्तिनापुर थाना क्षेत्र में एक स्कूल संचालक की मौत का मामला पहले सांप के काटने से हुई मौत माना जा रहा था, लेकिन पुलिस जांच में जो खुलासा हुआ, उसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। पुलिस के मुताबिक, स्कूल संचालक की पत्नी ने अपने कथित प्रेमी और दो सपेरों के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची और उसे जहरीले सांप से डसवाकर मौत के घाट उतार दिया।
मृतक अतुल कुमार शुक्रवार सुबह अपने कमरे में मृत मिले थे। उनके पैर पर सांप के काटने के निशान थे। शुरुआत में इसे सामान्य घटना माना गया, लेकिन पत्नी के बयानों में विरोधाभास और कॉल डिटेल्स की जांच के बाद पुलिस को शक हुआ। जांच में सामने आया कि पत्नी दामिनी की स्कूल वैन चालक तुषार से लगातार बातचीत हो रही थी। पूछताछ में तुषार ने कथित तौर पर खुलासा किया कि पहले अतुल को दूध में नींद की गोलियों की ओवरडोज दी गई, फिर सपेरों की मदद से जहरीला सांप कमरे में छोड़ा गया, ताकि हत्या को प्राकृतिक मौत का रूप दिया जा सके।
पुलिस ने इस मामले में पत्नी दामिनी, स्कूल वैन चालक तुषार और दो सपेरों सोनू व उदय को गिरफ्तार कर लिया है। फोरेंसिक टीम ने मौके से अहम साक्ष्य जुटाए हैं और आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि हत्या की साजिश पहले से रची गई थी और मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है। इस सनसनीखेज खुलासे ने मेरठ ही नहीं, पूरे प्रदेश में लोगों को चौंका दिया है।






