
रायपुर। तेलीबांधा थाना क्षेत्र में दर्ज धोखाधड़ी के मामले में फर्म संचालक उमेश गुप्ता ने शिकायत की है कि आरोपियों ने 1.13 करोड़ रुपये के बदले 45 करोड़ रुपये के कथित नकली नोट देने का झांसा दिया। एफआईआर के मुताबिक, इस सौदे को लेकर कई दौर की बातचीत हुई और रायपुर व महाराष्ट्र में बैठकों के दौरान आरोपियों ने पूरी रकम ले ली, लेकिन न तो कथित नकली नोट दिए और न ही पैसा लौटाया।

शिकायत के अनुसार, रकम मिलने के बाद आरोपी लगातार डिलीवरी, सुरक्षा व्यवस्था और खेप आने का बहाना बनाकर समय टालते रहे। काफी इंतजार के बाद जब सौदा पूरा नहीं हुआ, तब पीड़ित ने तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस दो पहलुओं पर जांच कर रही है। पहला, 1.13 करोड़ रुपये की कथित ठगी और दूसरा, एफआईआर में लगाए गए कथित नकली नोटों के लेन-देन व उन्हें बाजार में खपाने की योजना के आरोप। जांच के तहत सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल, लेन-देन और बैठकों से जुड़े दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं।






