
दुर्ग। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय के कुलसचिव भूपेन्द्र कुमार कुलदीप को दुर्ग पुलिस ने महिला कर्मचारी के वेतन से 1 लाख 49 हजार 384 रुपये के कथित गबन और पद के कथित दुरुपयोग के आरोप में गिरफ्तार किया है। मामला मोहन नगर थाना में दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, महिला कर्मचारी की शिकायत और विश्वविद्यालय की जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक, महिला कर्मचारी विश्वविद्यालय में अर्धकुशल दैनिक वेतनभोगी के रूप में कार्यरत थी और उसका मासिक वेतन 11,515 रुपये था। आरोप है कि वेतन खाते में पूरी राशि आने के बाद उसे केवल 2,200 रुपये दिए जाते थे, जबकि बाकी रकम 6 फरवरी 2025 से 4 जुलाई 2026 के बीच डिजिटल भुगतान (UPI) के जरिए दूसरे खाते में ट्रांसफर कराई जाती रही। पुलिस ने बताया कि बैंक स्टेटमेंट, UPI ट्रांजेक्शन और अन्य दस्तावेजों की जांच के बाद भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(4) के तहत आरोपी को गिरफ्तार किया गया। मामले में अन्य लोगों की संभावित भूमिका और बैंक लेन-देन की भी जांच जारी है।







