
नई दिल्ली: पुणे के लोहगढ़ किले में हुए चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में एक नया खुलासा सामने आया है। जांच में यह दावा किया जा रहा है कि सिया गोयल ने केतन से सगाई होने के बावजूद अपने बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी से करीब चार महीने पहले गुपचुप शादी कर ली थी। पुणे ग्रामीण पुलिस अब इस दावे की जांच कर रही है और कथित मैरिज सर्टिफिकेट की तलाश में जुटी है, ताकि शादी की पुष्टि की जा सके।

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, सिया के कॉलेज के दो दोस्तों ने इस शादी में गवाह की भूमिका निभाई थी और रजिस्ट्रार कार्यालय में दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए थे। इसके अलावा, सिया से जुड़े एक निजी इंस्टाग्राम अकाउंट पर माला पहने सिया और चेतन की कथित शादी की तस्वीर भी पोस्ट की गई थी, जिसे बाद में हटा दिया गया। पुलिस अब उस तस्वीर को भी रिकवर करने की कोशिश कर रही है।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत जरूरी सार्वजनिक नोटिस की प्रक्रिया से बचने के लिए किसी बिचौलिए की मदद ली गई थी। गौरतलब है कि सिया गोयल और केतन अग्रवाल की शादी नवंबर में तय थी, लेकिन उससे पहले 18 जून को लोहगढ़ किले से गिरने के बाद केतन की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, यह मामला हत्या की साजिश का हो सकता है और इसी एंगल से जांच आगे बढ़ाई जा रही है।





