
रीवा : – मध्य प्रदेश के रीवा जिले के कोठी गांव में एक सनसनीखेज डबल मर्डर से हड़कंप मच गया। आरोप है कि जमीन के विवाद को लेकर पति ने अपनी पत्नी और बेटी पर मूसल से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद घर में खून बिखरा मिला, जिससे घटना की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान सुनैना मिश्रा और उनकी बेटी खुशी मिश्रा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गुरुवार देर रात करीब एक बजे पति-पत्नी के बीच जमीन को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने के बाद आरोपी रविशंकर मिश्रा ने अपने भाई को फोन कर घर में झगड़ा होने की जानकारी दी और मौके पर आने को कहा। भाई के पहुंचने से पहले ही आरोपी ने पत्नी पर मूसल से हमला कर दिया और इसके बाद बेटी को भी निशाना बनाया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बिछिया पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल मूसल बरामद कर आरोपी रविशंकर मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में जमीन विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस आरोपी से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम और विवाद की असली वजह का पता लगाने में जुटी है। परिवार में छह बेटियां हैं, जिनमें चार की शादी हो चुकी है, जबकि खुशी रीवा में रह रही थी। इस दर्दनाक वारदात के बाद गांव में भी सनसनी फैल गई है।





