
बिलासपुर: लगातार हो रही तेज बारिश के बीच बिलासपुर में एक दुखद हादसा सामने आया है। लिंगियाडीह स्थित एफसीआई गोदाम के पास नाले में बहने से 65 वर्षीय प्रमिला बाई की मौत हो गई। शुक्रवार सुबह शीला पार्क टावर के पास नाले किनारे झाड़ियों में महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, प्रमिला बाई गुरुवार रात तेज बारिश के दौरान बसंत विहार से एफसीआई गोदाम की ओर जाने वाले नाले में बह गई थीं। हालांकि, वह किन परिस्थितियों में नाले में गिरीं या कैसे बह गईं, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।



