
बॉलीवुड एक्ट्रेस कृति सेनन इन दिनों अपनी फिल्म ‘कॉकटेल 2’ को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में उन्होंने एक इंटरव्यू में फिल्म इंडस्ट्री में मौजूद जेंडर बायस (लिंग-आधारित भेदभाव) पर खुलकर बात की। लिली सिंह के YouTube चैनल पर बातचीत के दौरान कृति ने कहा कि कई बार महिला कलाकारों को उनके मेल को-स्टार्स की तुलना में कम महत्व दिया जाता है। उनके मुताबिक, असिस्टेंट डायरेक्टर्स अक्सर मेल एक्टर्स से ज्यादा झिझकते हैं, जबकि महिला कलाकारों को हल्के में लिया जाता है।

कृति ने बताया कि मॉडलिंग, इंजीनियरिंग और फिल्म इंडस्ट्री समेत जिन भी क्षेत्रों का उन्होंने अनुभव किया है, उनमें सबसे ज्यादा चुनौतियां उन्हें फिल्म इंडस्ट्री में देखने को मिलीं। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने करियर की शुरुआत की थी, तब फिल्मों में महिलाओं के लिए मजबूत किरदार बहुत कम लिखे जाते थे। हालांकि अब हालात पहले से बेहतर हुए हैं और महिला किरदारों को ज्यादा अहमियत मिल रही है, लेकिन बराबरी का माहौल अभी भी पूरी तरह नहीं बन पाया है।

एक्ट्रेस ने यह भी कहा कि फिल्म सेट पर कई बार सुविधाओं और व्यवहार में भी अंतर देखने को मिलता है। अगर कोई महिला कलाकार किसी सीन या किरदार को लेकर सवाल पूछे तो उसे अलग नजर से देखा जाता है, जबकि वही सवाल कोई मेल एक्टर पूछे तो उसे अपने काम के प्रति गंभीरता माना जाता है। कृति के अनुसार, कई बार पुरुष कलाकारों को बेहतर सुविधाएं भी दी जाती हैं, हालांकि उनके लिए सबसे अहम चीज सम्मान और समान व्यवहार है। फिलहाल, ‘कॉकटेल 2’ को दर्शकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली है, जबकि कृति ने अभी अपने अगले प्रोजेक्ट का ऐलान नहीं किया है।




