पुरी रथयात्रा 2026: भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक डायवर्सन लागू, देखें पार्किंग और रूट प्लान

पुरी। विश्व प्रसिद्ध भगवान जगन्नाथ रथयात्रा 2026 को लेकर पुरी प्रशासन और पुलिस ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था के लिए विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है। जिला प्रशासन ने शहर में दोपहिया, चारपहिया वाहनों और बसों के लिए कुल 30 पार्किंग स्थल बनाए हैं। साथ ही 16 जुलाई की रात 12 बजे से 17 जुलाई की रात 12 बजे तक ऐतिहासिक बड़दांड को पूरी तरह ‘नो व्हीकल जोन’ घोषित किया गया है। इस अवधि में बड़दांड समेत कई प्रमुख मार्गों पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चारपहिया वाहनों, दोपहिया और बसों के लिए अलग-अलग पार्किंग की व्यवस्था की गई है। प्रशासन ने इस वर्ष पार्किंग क्षमता बढ़ाकर 7,730 वाहनों तक कर दी है, जबकि लगभग 15 हजार दोपहिया वाहनों और 750 बसों के लिए भी अलग स्थान निर्धारित किए गए हैं। सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन को आधुनिक तकनीक से मजबूत बनाया गया है। वाहनों की निगरानी के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), 224 सीसीटीवी कैमरे, 3 ड्रोन, एलईडी स्क्रीन और मोबाइल एलईडी वैन का उपयोग किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को रीयल-टाइम ट्रैफिक अपडेट मिल सके और पूरे आयोजन के दौरान व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

About The Author