छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में पुलिस की जुआ रेड के दौरान एक युवक के तालाब में कूदने और तीन दिन बाद उसका शव मिलने से मामला गरमा गया है। हसौद थाना क्षेत्र के डोमाडीह गांव में 22 नवंबर की देर रात पुलिस जुआ खेलने की सूचना पर दबिश देने पहुंची थी। इसी दौरान गांव के 38 वर्षीय महेश राम केंवट ने कथित तौर पर पुलिस कार्रवाई के डर से गंगासागर तालाब में छलांग लगा दी। इसके बाद से वह लापता था। स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू की गई और बाद में बिलासपुर से SDRF की टीम बुलाई गई। करीब 48 घंटे से अधिक चले सर्च ऑपरेशन के बाद बुधवार, 25 नवंबर की सुबह तालाब से उसका शव बरामद हुआ। युवक की मौत की खबर फैलते ही गांव में आक्रोश फैल गया और परिजनों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़कों पर उतर आए।
मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि दबिश के दौरान पुलिसकर्मियों और उनके साथ आए लोगों ने ग्रामीणों के साथ मारपीट की थी। उनका आरोप है कि इसी कार्रवाई के दौरान डरकर महेश तालाब में कूद गया। शव मिलने के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बिलासपुर-चंद्रपुर मुख्य मार्ग और मल्दा-घीवरा मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने जिम्मेदार पुलिसकर्मियों पर हत्या का मामला दर्ज करने, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग रखी। बढ़ते विवाद के बीच सक्ती एसपी ने हसौद के प्रशिक्षु उप निरीक्षक जयराम साहू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। बताया जा रहा है कि उन्होंने उच्च अधिकारियों को सूचना दिए बिना दबिश दी थी। फिलहाल युवक की मौत और पुलिस कार्रवाई को लेकर पूरे मामले की जांच की जा रही है।

टिप्पणियाँ (0)