रायपुर : - राजधानी रायपुर के आश्रम तिराहे स्थित जिओन बार में छत्तीसगढ़ी गाना बजाने की बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट और पुलिस तक पहुंच गया। 25 अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे हुई इस घटना में बार के ग्राहकों और कर्मचारियों ने एक-दूसरे पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। ग्राहकों की शिकायत के मुताबिक, गाना बजाने को लेकर शुरू हुए विवाद के बाद बार कर्मचारियों ने कथित तौर पर हाथ-मुक्कों और बैट-बल्ले से हमला किया। वहीं, बार कर्मचारी ने आरोप लगाया है कि ग्राहकों ने गाना बजाने की जिद करते हुए विवाद किया और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की। घटना आजाद चौक थाना क्षेत्र की है।

पुलिस में दर्ज शिकायतों के अनुसार, ग्राहक योगेश चिचोलकर अपने दो साथियों के साथ बार पहुंचा था। विवाद के बाद योगेश ने चेहरे, गर्दन, पीठ और पैर में चोट लगने की बात कही, जबकि उसके साथियों को भी चोट आने का आरोप लगाया गया है। दूसरी ओर, बार के वेटर दीपक मिश्रा ने ग्राहकों पर मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। दीपक के मुताबिक, विवाद के दौरान बीच-बचाव के लिए बार मैनेजर और अन्य कर्मचारी भी पहुंचे थे। आजाद चौक थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(2) के तहत अलग-अलग FIR दर्ज की हैं। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है।