देहरादून : उत्तराखंड के टिहरी जिले में आयोजित कुंजापुरी मेले में पंजाबी गायक दलेर मेहंदी का कार्यक्रम रोके जाने को लेकर शुरू हुआ विवाद अब शांत होता नजर आ रहा है। इस मामले में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल की ओर से फोन पर दलेर मेहंदी से माफी मांगे जाने की चर्चा है। वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दलेर मेहंदी और मीका सिंह दोनों को उत्तराखंड आने का न्योता दिया है। इस पहल को विवाद खत्म करने और कलाकारों के सम्मान को लेकर सकारात्मक कदम माना जा रहा है।

मीका सिंह ने मुख्यमंत्री धामी से बातचीत के बाद इस पहल का स्वागत किया। उन्होंने मुख्यमंत्री के बातचीत करने के तरीके की सराहना करते हुए कहा कि कलाकारों के सम्मान और गरिमा का ध्यान रखा जाना चाहिए। मीका के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने उन्हें और उनके बड़े भाई दलेर मेहंदी को उत्तराखंड आने का निमंत्रण दिया है। उन्होंने यह संकेत भी दिया कि दोनों भाई जल्द ही प्रदेश में कार्यक्रम करने की योजना बना सकते हैं।

क्या था पूरा विवाद?

दरअसल, टिहरी जिले के सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले में दलेर मेहंदी प्रस्तुति दे रहे थे। इसी दौरान कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कार्यक्रम में हस्तक्षेप करते हुए गायक पर लिप-सिंक करने के आरोप लगाए थे। इसके बाद विवाद बढ़ गया और मीका सिंह ने सार्वजनिक रूप से अपने बड़े भाई के समर्थन में प्रतिक्रिया दी थी। अब मुख्यमंत्री धामी की पहल और मंत्री की ओर से माफी मांगे जाने की चर्चा के बाद मामले को सुलझाने की कोशिश की जा रही है। हालांकि, मंत्री का आधिकारिक पक्ष सामने आने के बाद ही माफी से जुड़ी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।