कोरबा : - छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर रविवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया। कटघोरा थाना क्षेत्र के ग्राम तानाखार में अनूप ढाबा के पास सड़क किनारे खड़ी यात्री बस को तेज रफ्तार ट्रेलर ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा रात करीब 2:30 बजे हुआ। जानकारी के मुताबिक, कुनकुरी से रायपुर जा रही रॉयल यात्री बस (CG-06-HD-2962) को कुछ यात्रियों के लघुशंका के लिए कहने पर चालक ने सड़क किनारे रोका था। इसी दौरान पीछे से आए ट्रेलर (CG-04-PX-7808) ने बस को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई।
इस दर्दनाक हादसे में संतोष लकड़ा (34), निवासी कुनकुरी और सिंधु प्रधान (40), निवासी अड़पालर, जिला गरियाबंद की मौत हो गई, जबकि पांच यात्री घायल हो गए। घायलों में जगदीश, संता टोप्पो और सलना नूरी खान समेत अन्य लोग शामिल हैं। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। बस हेल्पर अर्जुन राम की सूचना पर कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने दो लोगों की मौत और पांच के घायल होने की पुष्टि की है। हादसे के बाद दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

टिप्पणियाँ (0)