राजनांदगांव : छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के ठेकवा में सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान उस वक्त हड़कंप मच गया, जब लोकनृत्य की प्रस्तुति के बीच अचानक मंच का एक हिस्सा धंस गया। मंच पर नृत्य कर रहीं महिला कलाकार और अन्य लोग संभल पाते, उससे पहले ही नीचे जा गिरे। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक, ठेकवा में रात के समय भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे। कार्यक्रम के दौरान हरी साड़ी पहने महिला कलाकारों का समूह छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य की प्रस्तुति दे रहा था। वहीं, पीछे बैठे संगीतकार वाद्य यंत्रों के जरिए कलाकारों का साथ दे रहे थे।इसी बीच अचानक मंच का बीच वाला हिस्सा नीचे की ओर धंस गया। मंच टूटते ही नृत्य कर रहीं महिला कलाकार और वहां मौजूद अन्य लोग सीधे नीचे गिर पड़े। कुछ ही सेकंड में कार्यक्रम का माहौल उत्साह से अफरा-तफरी में बदल गया।

हादसे के बाद मंच पर मौजूद कलाकार एक-दूसरे के ऊपर गिर गए। संगीतकारों के वाद्य यंत्र भी नीचे जा गिरे। अचानक हुई इस घटना से दर्शक भी घबरा गए। हालांकि, कुछ ही देर में लोग मदद के लिए मंच की ओर दौड़े और नीचे गिरे कलाकारों को उठाने लगे।सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में मंच का हिस्सा टूटने और कलाकारों के नीचे गिरने का पूरा घटनाक्रम दिखाई दे रहा है। घटना के बाद मंच की मजबूती और आयोजन की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठने लगे हैं? फिलहाल, हादसे में किसी के घायल होने या चोटों की गंभीरता को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।


देंखे वीडियो:- लाइव कार्यक्रम के दौरान टूटा स्टेज ,कलाकारों के गिरते ही मची चीख-पुकार,वीडियो वायरल