दिल्ली से जयपुर के बीच सफर को आसान और तेज बनाने के लिए नई रेल परियोजना पर काम की योजना है। प्रस्तावित 191 किलोमीटर लंबे रेल कॉरिडोर में रेवाड़ी, शाहजहांपुर, नीमराणा, बहरोड़, कोटपूतली, पावटा-प्रागपुरा और शाहपुरा जैसे क्षेत्रों को जोड़ने का प्रस्ताव है। इस नए रूट से दिल्ली और जयपुर के बीच यात्रा का समय करीब 1 से 1.5 घंटे तक कम होने की संभावना जताई जा रही है। साथ ही, अलवर और बांदीकुई होकर गुजरने वाले मौजूदा रेल मार्ग पर ट्रेनों का दबाव कम करने में भी मदद मिल सकती है।
वहीं, खाटूश्यामजी के दर्शन करने जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी रेल कनेक्टिविटी बेहतर बनाने की तैयारी है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की घोषणा के अनुसार, खाटूश्यामजी मंदिर से करीब 11 किलोमीटर दूर सुंदरपुरा में आधुनिक रेलवे स्टेशन बनाने की योजना है, जिसे अगले 12 महीनों में पूरा करने का लक्ष्य बताया गया है। इसके अलावा, खाटूश्यामजी-सालासर-सुजानगढ़ रेल लाइन परियोजना के तहत नए स्टेशनों के विकास की भी योजना है। इन परियोजनाओं के पूरा होने पर श्रद्धालुओं और यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

टिप्पणियाँ (0)