छत्तीसगढ़ भाजपा की नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी दो दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंच गई हैं। प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी मिलने के बाद यह उनका पहला छत्तीसगढ़ दौरा है। रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में 25 और 26 अक्टूबर को संगठनात्मक बैठकों का दौर चलेगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव के मुताबिक, इन दो दिनों में कुल 12 महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिनमें संगठन की मौजूदा स्थिति, कार्यकर्ताओं की भूमिका और आगामी रणनीति से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होगी।

स्मृति ईरानी के दौरे में सादगी भी चर्चा का विषय रही। उनके निर्देश पर भाजपा कार्यालय परिसर से पुलिस सुरक्षा हटाई गई और वह बिना बड़े सुरक्षा काफिले के कार्यालय पहुंचीं। एयरपोर्ट पर भी ढोल-ताशों और मंत्रियों की भीड़ के बजाय केवल 16 नामित पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। दौरे के दौरान स्मृति ईरानी प्रदेश पदाधिकारियों, संभाग और जिला प्रभारियों, जिला अध्यक्षों, पूर्व विधायकों, पूर्व सांसदों तथा भाजपा कोर ग्रुप के सदस्यों के साथ बैठक करेंगी। इन बैठकों में संगठन के कामकाज की समीक्षा के साथ जमीनी स्तर से मिलने वाले फीडबैक और भविष्य की कार्ययोजना पर मंथन किया जाएगा।