रायपुर : राजधानी रायपुर के मोतीबाग स्थित प्रेस क्लब परिसर में सरेआम हवाई फायरिंग का मामला सामने आया है। शनिवार, 24 अक्टूबर की शाम करीब 5:30 बजे हुई इस घटना से परिसर में मौजूद पत्रकारों और अन्य लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। शिकायत के मुताबिक, पलाश तिवारी नामक युवक पर पिस्टल से हवा में गोली चलाने और वहां मौजूद लोगों को डराने-धमकाने का आरोप है। घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी ने कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

प्रेस क्लब अध्यक्ष की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपी पलाश तिवारी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125 और 351(2) के साथ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध दर्ज किया है। मामले की जांच उप निरीक्षक सुरेंद्र यादव को सौंपी गई है। पुलिस घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज खंगालने, फायरिंग में इस्तेमाल किए गए हथियार की जानकारी जुटाने और विवाद के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। सार्वजनिक और व्यस्त परिसर में कथित तौर पर हुई इस फायरिंग ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।