देश से मानसून की विदाई का दौर जारी है, लेकिन जाते-जाते कई राज्यों में बारिश और आंधी का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक 5 से 7 अक्टूबर के बीच बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, केरल, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और पूर्वोत्तर के कुछ राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। ओडिशा और अरुणाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। वहीं हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के साथ बिजली गिरने को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। दूसरी ओर दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और चंडीगढ़ में फिलहाल मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा के कुछ हिस्सों में 6 से 8 अक्टूबर के बीच हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। उत्तर प्रदेश में 9 अक्टूबर तक मौसम के सूखा रहने की संभावना है। ऐसे में मानसून की विदाई के बीच जहां कुछ राज्यों को राहत मिलेगी, वहीं पूर्वी, दक्षिणी और पहाड़ी इलाकों में अगले कुछ दिनों तक मौसम करवट लेता नजर आएगा।