छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस की नाकाबंदी के दौरान करोड़ों रुपये की नकदी मिलने से हड़कंप मच गया। खुर्सीपार थाना क्षेत्र के डबरापारा के पास पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने एक बोलेरो मैक्स पिकअप को रोककर तलाशी ली। इस दौरान वाहन के पिछले हिस्से में ट्रॉली के पास बनाया गया गुप्त चेंबर मिला, जिसमें करीब 4 करोड़ रुपये नकद छिपाकर रखे गए थे। पुलिस को वाहन की बनावट देखकर शक हुआ था, जिसके बाद इस बड़ी बरामदगी का खुलासा हुआ। मामले में हवाला कारोबार से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, नकदी की यह खेप रायपुर के भनपुरी या अभनपुर इलाके में स्थित जीडी ट्रांसपोर्ट से लोड की गई थी और इसे नागपुर के रास्ते उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था। पुलिस ने पिकअप चालक भावेशभाई जीनाभाई डाभी और उसके साथी विष्णुदेव दुबे को हिरासत में लिया है, जबकि एक अन्य संदिग्ध मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। बरामद नोटों की गिनती के लिए इलेक्ट्रॉनिक मशीनें मंगानी पड़ीं। एसएसपी विजय अग्रवाल के मुताबिक, इतनी बड़ी रकम के स्रोत और वैध दस्तावेजों की जांच के लिए आयकर विभाग को सूचना दे दी गई है। अब पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि नकदी किसकी है, इसे कहां पहुंचाया जाना था और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है या नहीं।