रायपुर : - राजधानी के तेलीबांधा थाना क्षेत्र के सतनामी पारा में हंसी-मजाक से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते गंभीर वारदात में बदल गया। पुलिस के मुताबिक 16 वर्षीय टीकू जांगड़े का एक युवक से विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी भूपेंद्र घृतलहरे ने उसे दो मंजिला मकान की छत से धक्का दे दिया। करीब 15 फीट नीचे गिरने से टीकू गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार घटना 3 अक्टूबर की रात की है। टीकू मोहल्ले में घूमने के दौरान छत पर पहुंचा था, जहां किसी बात को लेकर उसका भूपेंद्र से विवाद हो गया। आरोप है कि इसी दौरान भूपेंद्र ने उसे छत से नीचे धक्का दे दिया। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट लगने के बाद टीकू को अस्पताल ले जाया गया। तेलीबांधा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।