रायपुर : - छत्तीसगढ़ में आज 15 नवंबर से खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए धान खरीदी अभियान शुरू हो रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने इस बार किसानों को राहत देते हुए आदान सहायता राशि के नियमों में अहम बदलाव किया है। अब किसान एक एकड़ में निर्धारित अधिकतम 21 क्विंटल से कम धान बेचते हैं, तब भी उन्हें कृषक उन्नति योजना के तहत प्रति एकड़ 13,839 रुपये की पूरी सहायता राशि मिलेगी। यानी एक एकड़ में 15 क्विंटल धान बेचने वाले किसान को भी उतनी ही सहायता मिलेगी, जितनी 21 क्विंटल बेचने वाले किसान को मिलेगी। सरकार ने इस खरीफ सीजन में 27.50 लाख से अधिक किसानों से धान खरीदी का लक्ष्य रखा है। धान का लाभकारी मूल्य 3,100 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।

नई व्यवस्था के तहत सहायता राशि का निर्धारण किसान के पंजीकृत रकबे के आधार पर होगा। उदाहरण के तौर पर एक एकड़ पर 13,839 रुपये, दो एकड़ पर 27,678 रुपये और तीन एकड़ पर 41,517 रुपये की सहायता मिलेगी। कॉमन धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,441 रुपये प्रति क्विंटल है, जबकि राज्य सरकार द्वारा घोषित 3,100 रुपये की दर से दोनों के बीच 659 रुपये का अंतर बनता है। इसी अंतर को 21 क्विंटल प्रति एकड़ के हिसाब से जोड़कर 13,839 रुपये की सहायता तय की गई है। प्रदेश में इस बार 3,100 उपार्जन केंद्रों पर धान खरीदा जाएगा। खरीदी के लिए अब तक 3 लाख 50 हजार 972 टोकन पंजीकृत हो चुके हैं। सरकार के अनुसार, कृषक उन्नति योजना के तहत वर्ष 2023 से 2025 तक 25 लाख से अधिक किसानों को 35,904 करोड़ 90 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है।