बलौदाबाजार : - छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि करीब 8 से 10 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सिमगा थाना क्षेत्र के ग्राम दरचुरा में इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास सुबह करीब 5:30 बजे हुआ। जानकारी के मुताबिक, अंबिकापुर से रायपुर जा रही रॉयल ट्रेवल्स की यात्री बस नेशनल हाईवे पर खराबी के कारण खड़े ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के वक्त बस में 22 यात्री सवार थे, जिनमें से अधिकांश सो रहे थे।
इस दुर्घटना में बस चालक भागीरथी यादव (37), बस हेल्पर पवन देवांगन (24) और यात्री समीम मोहम्मद (39) की मौत हो गई। तीनों जशपुर और बलरामपुर के निवासी बताए गए हैं। हादसे के बाद बस में फंसे घायलों को निकालने के लिए पुलिस और बचाव दल को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। बस की बॉडी काटने के लिए गैस कटर और अन्य उपकरणों की मदद ली गई। इसके बाद घायलों को एंबुलेंस से सिमगा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, खराब ट्रक सड़क किनारे खड़ा था और उसके पास चेतावनी के लिए ट्रैफिक कोन व स्टॉपर लगाए गए थे। बस चालक की नजर इन संकेतों पर क्यों नहीं पड़ी, हादसे के कारणों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

टिप्पणियाँ (0)