रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नवा रायपुर में आज 16 अक्टूबर को भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच पहला टी-20 इंटरनेशनल मुकाबला खेला जा रहा है। छत्तीसगढ़ में पहली बार महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुझाव पर छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ ने महिलाओं और बच्चियों के लिए सीरीज के तीनों मैचों में प्रवेश निःशुल्क रखा है। सीरीज के मुकाबले 16, 18 और 20 अक्टूबर को शाम 7 बजे से खेले जाएंगे। भारतीय टीम की कमान स्मृति मंधाना संभाल रही हैं, जबकि शेफाली वर्मा उपकप्तान की भूमिका में हैं। यह भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच पहली द्विपक्षीय टी-20 सीरीज है।

मैच देखने आने वाले दर्शकों की सुविधा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए स्टेडियम के आसपास A से H तक कुल 8 पार्किंग जोन बनाए गए हैं। पार्किंग और ट्रैफिक व्यवस्था की जिम्मेदारी पुलिस तथा यातायात विभाग संभालेंगे। पुरुष दर्शकों के लिए टिकट की शुरुआती कीमत 250 रुपये रखी गई है, जबकि 499 रुपये में तीनों मैचों की सीरीज टिकट भी उपलब्ध है। इसके अलावा स्टेडियम परिसर में ओपन वाई-फाई की सुविधा दी गई है, जिससे दर्शकों को डिजिटल सेवाओं और ई-टिकट स्कैनिंग में सहूलियत मिल सके। अब सभी की नजरें मैदान पर होंगी, जहां भारतीय महिला टीम घरेलू दर्शकों के सामने जीत के साथ सीरीज का आगाज करने उतरेगी।