रायपुर : स्वच्छता के मामले में छत्तीसगढ़ ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में प्रदेश के तीन नगरीय निकायों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय पुरस्कार अपने नाम किए हैं। सबसे बड़ी उपलब्धि बिलासपुर जिले की नगर पंचायत बिल्हा ने हासिल की है, जिसने 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में पूरे देश में पहला स्थान प्राप्त किया है। वहीं, बिलासपुर शहर ने स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में दूसरा स्थान हासिल किया है, जबकि रायपुर नगर निगम को राज्य में स्वच्छता के क्षेत्र में प्रथम पुरस्कार मिला है।
नई दिल्ली के विज्ञान भवन में बुधवार को आयोजित सम्मान समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने छत्तीसगढ़ की ओर से पुरस्कार ग्रहण किया। इस दौरान विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा सहित संबंधित नगरीय निकायों के महापौर और आयुक्त भी मौजूद रहे। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से आयोजित इस सर्वेक्षण में छत्तीसगढ़ के तीन शहरों को मिली सफलता को प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रदेशवासियों, नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्वच्छता कर्मियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में छत्तीसगढ़ को मिला राष्ट्रीय सम्मान प्रदेश के शहरों की बदलती तस्वीर और स्वच्छता के प्रति नागरिकों की सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छोटे शहर बिल्हा का देश में पहला स्थान हासिल करना, बिलासपुर का स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में दूसरा स्थान प्राप्त करना और रायपुर का राज्य में अव्वल रहना पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। हमारा लक्ष्य केवल स्वच्छता की रैंकिंग में आगे रहना नहीं, बल्कि ऐसी स्थायी व्यवस्था तैयार करना है, जिसमें स्वच्छता हर नागरिक की आदत और हर शहर की पहचान बने।
