पूर्वी चंपारण के पहाड़पुर थाना क्षेत्र के बनकट गांव में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में चार नाबालिग बच्चियों की जान चली गई। बताया जा रहा है कि पांच बच्चियां घर के पीछे गीदा चवर स्थित तालाब की ओर गई थीं। कुछ समय बाद सात वर्षीय अंतिमा कुमारी अकेले घर पहुंची और परिजनों को बाकी बच्चियों के तालाब में डूबने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्चियों की तलाश शुरू कर दी। मृतकों में प्रमोद महतो की बेटियां 13 वर्षीय सोनामति कुमारी और 10 वर्षीय फूलनति कुमारी, अच्छेलाल महतो की छह वर्षीय बेटी प्रतिभा कुमारी और वीरेंद्र महतो की 10 वर्षीय बेटी कृति कुमारी शामिल हैं।

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से चारों बच्चियों को तालाब से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने सभी को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने जरूरी कानूनी प्रक्रिया के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मोतिहारी भेज दिया है। प्रशासन की ओर से घटना की जांच और आगे की कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक नियमानुसार मृत बच्चियों के आश्रितों को आपदा मद से सहायता राशि देने की प्रक्रिया भी की जाएगी। एक साथ चार बच्चियों की मौत से पूरे बनकट गांव में शोक का माहौल है और परिवारों में चीख-पुकार मची हुई है।