भिलाई : आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल अब ठगी और फर्जीवाड़े के लिए भी किया जाने लगा है। छत्तीसगढ़ के भिलाई में दो युवकों ने जब्त मोटरसाइकिल को छुड़ाने के लिए एआई की मदद से दुर्ग कलेक्टर के नाम का फर्जी सरकारी आदेश तैयार कर लिया। इस दस्तावेज में सरकारी मुहर और कलेक्टर के हस्ताक्षर जैसा प्रारूप भी बनाया गया था। दोनों आरोपी इसी आदेश को लेकर आबकारी विभाग के कार्यालय पहुंच गए, लेकिन अधिकारियों की सतर्कता से उनका पूरा खेल उजागर हो गया। जांच में आदेश फर्जी पाए जाने के बाद पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, मामला 14 नवंबर का है। आरोपी जय कुमार आडिल उर्फ पप्पू (32) और युगल किशोर शर्मा उर्फ राजा (40), दोनों ग्राम मोहरेंगा निवासी हैं। वर्ष 2025 के एक आबकारी मामले में उनकी होंडा एचएफ डिलक्स बाइक (CG 07 B 15687) जब्त की गई थी। बाइक को सुपुर्दनामा पर वापस लेने के लिए दोनों सेक्टर-1 स्थित आबकारी नियंत्रण कक्ष पहुंचे और दुर्ग कलेक्टर के नाम से तैयार आदेश अधिकारियों को दिखाया। दस्तावेज पर संदेह होने के बाद विभाग ने उसका सत्यापन कराया, जिसमें आदेश फर्जी निकला। इसके बाद आबकारी कार्यालय के भोजराम रत्नाकर की शिकायत पर भिलाई भट्ठी थाना पुलिस ने कार्रवाई की। पूछताछ में आरोपियों ने एआई की मदद से फर्जी आदेश तैयार करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन और फर्जी आदेश की प्रति जब्त कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

टिप्पणियाँ (0)